बीजापुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 85वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा बुधवार को जनपद बीजापुर के ग्राम कावड़गांव में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ लिया।
85वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश उरांव की उपस्थिति में आयोजित शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। इस दौरान ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

ग्रामीणों ने सीआरपीएफ द्वारा आयोजित इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रहे हैं।
द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश उरांव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि 85वीं बटालियन अपने कार्यक्षेत्र के गांवों में समय-समय पर चिकित्सा शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य करती रही है। ऐसे कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी कमांडर निरीक्षक अनिल कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सहित बटालियन के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।