​चारमा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन: मधुर भजनों के साथ हुआ योगाभ्यास, ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों में भी दिखा भारी उत्साह

चारमा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज विकासखंड चारमा के स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में एक गरिमामय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक चले इस विशेष सत्र में नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ‘स्वस्थ जीवन’ का संदेश दिया।

विकासखंड के स्कूलों और ग्राम पंचायतों में भी गूंजा योग का संदेश

नगर के मुख्य आयोजन के साथ-साथ पूरे चारमा विकासखंड में भी योग दिवस की धूम रही। विकासखंड के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों, शासकीय व निजी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सुबह से ही शिक्षण संस्थाओं और पंचायत भवनों में सामूहिक योगाभ्यास के जरिए लोगों को निरोग रहने का संदेश दिया गया।

मधुर भजनों के बीच सीखे योग के गुर

स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में योग गुरु भूपेंद्र साहू, चुरामन साहू और उनकी सहयोगी टीम के द्वारा योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। योग सत्र की शुरुआत और संचालन मधुर भजनों के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इस दौरान योग गुरुओं ने हर आसन के शारीरिक व मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रमुख अतिथियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी सिन्हा, एवं नगर पंचायत अध्यक्ष भुनेश्वर नागराज और मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले से अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्री बंजारे सर, नायब तहसीलदार के.के. पाटले, सीएमओ हेमंत नेताम, सीईओ जी.एस. कंवर, थाना प्रभारी सुरेश राठौर, बीईओ केशव साहू, और एबीईओ उमेश यादव सहित सभी शासकीय विभागों के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

काढ़ा और पौष्टिक आहार का वितरण

योग सत्र के समापन के बाद उपस्थित सभी लोगों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। आयुर्वेद विभाग चारमा की ओर से सभी को रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले काढ़े का वितरण किया गया। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आश्रम विभाग के संयुक्त सहयोग से सभी प्रतिभागियों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया।

प्रचार-प्रसार की कमी के बाद भी कार्यक्रम रहा सफल

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना था कि आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण आम जनता की भीड़ उम्मीद से थोड़ी कम रही। इसके बावजूद, नगर के गणमान्य व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और बालक-बालिकाओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाया।

घरों पर प्रतिदिन 30 मिनट योग करने की अपील

कार्यक्रम के अंत में योगाचार्य भूपेंद्र साहू ने सभी से अपील की कि वे अपने व्यस्त जीवन में से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा (30 मिनट) योग के लिए जरूर निकालें, ताकि वे और उनका परिवार निरोग रह सके। इसके साथ ही उपस्थित अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आम जनता को संबोधित करते हुए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।

अनूप कुमार वर्मा, संवाददाता (जनधारा), चारमा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *