भानुप्रतापपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेलेगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आज, 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर एक दिवसीय योग शिविर एवं योगाभ्यास कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना तथा जीवन में योग के महत्व को रेखांकित करना था।
रासेयो के कार्यक्रम अधिकारी खेमलाल कटेंद्र और स्थानीय योग विशेषज्ञ किशोर साहू के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास शुरू किया। सामान्य योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सबसे पहले शरीर को शिथिल करने वाले व्यायाम (वार्म-अप) किए गए। इसके पश्चात विभिन्न आसनों का अभ्यास किया गया।

ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, और शशांकासन, भुजंगासन, शलभसन, और शव आसन।
आसनों के अभ्यास के बाद मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने के लिए कपालभाति, अनुलोम-विलोम, और भ्रामरी प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया गया। सत्र के अंत में सभी प्रतिभागियों ने 5 मिनट का ध्यान (Meditation) लगाया और विश्व शांति व कल्याण के संकल्प के साथ शांति पाठ किया।
संस्था के प्राचार्य मोहनलाल निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। संगीता भूआर्य सरपंच ग्राम पंचायत सेलेगांव ने अपने संबोधन में रासेयो इकाई के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी ने ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भारत’ के निर्माण में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस योग शिविर में सुमन ठाकुर, महेश साहू, प्रमिला कोरेटी, पुकेश्वर साहू, खेमराज गंगासागर, पीयूषा बंजारे, गायत्री भूआर्य, दिलीप साहू, द्वारूराम ध्रुव, द्वारिका निषाद, अलेख जैन, रूखमणि सिन्हा, लीनादेवी दुग्गा, विजेंद्र बंजारे, किरण नेताम एवं विद्यालय के रासेयो स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर व्याख्याता बरसन राम साहू द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और सहपाठियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वल्पाहार (अंकुरित अनाज व फल) का वितरण किया गया, जो स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का ही एक हिस्सा था। यह आयोजन बेहद सफल और प्रेरणादायक रहा।