नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश, समय से पहुंचने की अपील

बीजापुर

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचें तथा एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र एवं निर्धारित पासपोर्ट साइज फोटो अपने साथ अवश्य लाएं।
जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय सभी परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच की जाएगी, जिसमें सहयोग करना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में केवल पारदर्शी पानी की बोतल, एडमिट कार्ड एवं फोटो पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, पेन ड्राइव सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने तथा मोटे तलवे वाले जूते, घड़ी, बेल्ट, आभूषण एवं अन्य धातुयुक्त वस्तुओं से बचने की सलाह दी गई है। परीक्षा के दौरान केवल केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्तर पुस्तिका एवं निर्धारित निर्देशों का पालन करना होगा। नकल अथवा किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का उपयोग करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। किसी प्रकार की समस्या होने पर परीक्षार्थी केंद्राध्यक्ष या पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही एडमिट कार्ड पर अंकित सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और उनका पालन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि समय का पालन करें, नियमों का सम्मान करें और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा के आयोजन में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *