NEET UG री-एग्जाम को लेकर आज देशव्यापी मॉक ड्रिल, परीक्षा केंद्रों पर परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर…

नई दिल्ली: नीट परीक्षा (NEET UG 2026) में पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद कल यानी 21 जून को होने जा रही दोबारा परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कमर कस ली है। परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए आज (20 जून) सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक देश भर में एक मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इस देशव्यापी मॉक ड्रिल के जरिए परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है।

कल होने वाली इस री-एग्जाम में देश और विदेश के 551 शहरों में बनाए गए 5000 से अधिक केंद्रों पर 22.79 लाख से ज्यादा छात्र भाग्य आजमाएंगे।

मल्टी लेयर सुरक्षा घेरा और जैमर्स तैनात

इस बार परीक्षा में सेंधमारी रोकने के लिए NTA ने पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अभेद्य चक्रव्यूह तैयार किया है। परीक्षा केंद्रों को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है।

धांधली रोकने के लिए इस बार केंद्रों पर 15,000 सिग्नल जैमर लगाए गए हैं। इसके अलावा 1.5 लाख अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर हलचल पर पैनी नजर रखी जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग सीधे दिल्ली स्थित NTA मुख्यालय के सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम से की जाएगी।

GPS ट्रैकिंग और पुलिस एस्कॉर्ट के साए में पेपर

गोपनीय परीक्षा सामग्री और OMR शीट को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए कड़े सीलबंद प्रोटोकॉल बनाए गए हैं। पेपर ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है और उन्हें पुलिस एस्कॉर्ट की सुरक्षा में सेंटरों तक पहुंचाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल को सौंपी गई है। पूरी परीक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए 2 लाख से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी, 6,669 ऑब्जर्वर और ढाई लाख के करीब पुलिसकर्मी मैदान में उतारे गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी खुफिया नजर

NTA ने साफ किया है कि पेपर लीक जैसी अफवाहों और फर्जी दावों को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक खबर पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें। किसी भी संदिग्ध संदेश की जानकारी तुरंत साइबर सेल या NTA को देने को कहा गया है।

परीक्षा का समय

यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। वहीं, दिव्यांग (PwD और PwBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6:20 बजे तक अपनी परीक्षा पूरी कर सकेंगे। अब तक 18.5 लाख से ज्यादा उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *