पत्नी की हत्या कर बेटे को फंसाने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने आरोपी पति को भेजा जेल

सोनहत कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। शराब के नशे में अपनी पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति ने न केवल पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, बल्कि खुद को बचाने के लिए अपने ही बेटे पर हत्या का झूठा आरोप मढ़ दिया। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और गहन तफ्तीश के सामने आरोपी की चालाकी नहीं टिक पाई। मामले की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत से मिली एक सूचना से हुई, जिसमें बताया गया कि बॉबी नामक महिला की सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही सोनहत पुलिस जांच में जुट गई। इसी बीच मृतिका का पति, विशेष कुमार, थाने पहुंचा और पुलिस को गुमराह करते हुए कहानी सुनाई कि उसकी पत्नी की हत्या उसके बेटे ने की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी सोनहत, निरीक्षक विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की।

जांच में खुला राज जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और घटनास्थल के साक्ष्यों का मिलान किया, तो मृतिका के पति की कहानी में कई विरोधाभास नजर आए। गहन तहकीकात के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मृतिका बॉबी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति विशेष कुमार ने ही शराब के नशे में धुत होकर की थी। आरोपी ने खुद को कानून के शिकंजे से बचाने के लिए अपने मासूम बेटे पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी विशेष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *