अम्बिकापुर। अम्बिकापुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 130) पर बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भिट्ठीकलां शासकीय प्राथमिक पाठशाला के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच हुई। कार अम्बिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी, तभी भिट्ठीकलां के पास वह अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार में फंसे गंभीर रूप से घायल युवक को बाहर निकाला। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि मणिपुर थाना क्षेत्र का भिट्ठीकलां इलाका एक बार फिर हादसों का ‘ब्लैक स्पॉट’ साबित हुआ है, जहां पूर्व में भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।