भारतीय क्रिकेट टीम को एक नया जादुई स्पिनर मिल गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट मैच में अपना पहला कदम रखने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने इतिहास रच दिया है। अपनी पहली ही टेस्ट पारी में उन्होंने ऐसी घातक गेंदबाजी की कि बड़े-बड़े दिग्गजों के रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। 23 साल के इस युवा गेंदबाज ने अफगानिस्तान की पहली पारी को अकेले दम पर तहस-नहस कर दिया। मानव सुथार ने सिर्फ 33 रन देकर 6 विकेट झटके और भारतीय टीम को मैच में बेहद मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया।
नरेंद्र हिरवानी के 38 साल पुराने रिकॉर्ड के करीब पहुंचे मानव
इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही मानव सुथार भारत के लिए डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। भारत की तरफ से यह रिकॉर्ड आज भी पूर्व लेग स्पिनर नरेंद्र हिरवानी के नाम है। हिरवानी ने साल 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में 61 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे। अब मानव सुथार 6/33 के आंकड़े के साथ इस ऐतिहासिक लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने साल 1967 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 55 रन देकर 6 विकेट लेने वाले आबिद अली को पीछे छोड़ दिया है।
अमित मिश्रा के बाद इस सदी में किया यह बड़ा कारनामा
मानव सुथार के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह इस सदी यानी साल 2000 के बाद भारत के लिए अपने पहले टेस्ट की पहली पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले महज दूसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले साल 2008 में अमित मिश्रा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 71 रन देकर 5 विकेट लिए थे। इसके साथ ही अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट इतिहास में यह किसी भी गेंदबाज का दूसरा सबसे बेस्ट प्रदर्शन है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर वेस्टइंडीज के रहकीम कॉर्नवाल हैं, जिन्होंने साल 2019 में लखनऊ टेस्ट के दौरान 75 रन देकर 7 विकेट झटके थे।
मैदान पर बेबस दिखे अफगानी बल्लेबाज, बल्ले से भी दिखाया दम
मुल्लांपुर की पिच पर मानव सुथार की फिरकी के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस और लाचार नजर आए। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और बेहतरीन कंट्रोल ने बल्लेबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारतीय टीम को भविष्य के लिए रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल जैसा एक और भरोसेमंद ऑलराउंडर मिल गया है। मानव सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। उन्होंने भारत की पहली पारी में मुश्किल समय पर उपयोगी 28 रन बनाए थे। उनके इस प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट फैंस बेहद उत्साहित हैं।