सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, 5 दिन में चांदी 18 हजार रुपये टूटी, गोल्ड भी हुआ सस्ता

नई दिल्ली। सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बीते कारोबारी सप्ताह में Gold-Silver Market में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। खासकर चांदी के दाम में जोरदार टूट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सिर्फ पांच कारोबारी दिनों में चांदी 18 हजार रुपये प्रति किलो से ज्यादा सस्ती हो गई। वहीं सोने की कीमतों में भी लगातार गिरावट दर्ज की गई है।

MCX के आंकड़ों के अनुसार जुलाई डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन 16,595 रुपये प्रति किलो टूट गया। इसके साथ ही चांदी का भाव 2,66,998 रुपये प्रति किलो से घटकर 2,48,201 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। यानी केवल पांच दिनों में चांदी 18,797 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।

अगर रिकॉर्ड हाई की बात करें तो जनवरी 2026 में पहली बार चांदी का भाव 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंचा था। उस दौरान इसका उच्चतम स्तर 4,57,328 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। मौजूदा भाव की तुलना करें तो चांदी अपने ऑल टाइम हाई से 2,09,127 रुपये प्रति किलो नीचे कारोबार कर रही है।

सोने के दाम में भी तेज गिरावट देखने को मिली है। MCX पर शुक्रवार को 24 कैरेट गोल्ड का भाव 3,947 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर गया। पूरे सप्ताह में सोना 5,311 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ। सप्ताह की शुरुआत में इसका भाव 1,60,911 रुपये था, जो घटकर 1,55,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

जनवरी 2026 में सोने ने भी नया रिकॉर्ड बनाया था। उस समय 10 ग्राम सोने का भाव 2,04,375 रुपये तक पहुंच गया था। वर्तमान कीमत की तुलना में सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से 48,775 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है।

घरेलू सर्राफा बाजार में भी गिरावट का असर साफ दिखाई दिया। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार एक किलो चांदी का भाव 2,63,250 रुपये से घटकर 2,56,908 रुपये रह गया है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,536 रुपये से घटकर 1,54,238 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की रणनीति में बदलाव का असर फिलहाल कीमती धातुओं की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक संकेतकों के आधार पर सोना और चांदी के भाव में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *