छत्तीसगढ़ बोर्ड: 10वीं-12वीं के फेल छात्रों को मिला ‘दूसरा मौका’, 8 जुलाई से शुरू होंगी परीक्षाएं

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की मुख्य परीक्षा में असफल रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक राहत भरी खबर है। बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए ‘द्वितीय अवसर परीक्षा’ (पूरक परीक्षा के स्थान पर लागू नई व्यवस्था) की समय-सारिणी जारी कर दी है। इस परीक्षा में न केवल अनुत्तीर्ण छात्र, बल्कि वे विद्यार्थी भी शामिल हो सकते हैं जो अपने अंक और श्रेणी (Division) में सुधार करना चाहते हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिले में 12 परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं।

पास होने के लिए चाहिए 33 फीसदी अंक
टाइम-टेबल के अनुसार, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 8 जुलाई से शुरू होंगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 9 जुलाई से आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षाएं 22 जुलाई तक चलेंगी। परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रवेश पत्र (Admit Card) जुलाई के पहले सप्ताह में जारी कर दिए जाएंगे।

जिले के 4,000 छात्रों को मिलेगा लाभ
मुख्य परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले से इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। कक्षा 10वीं में शामिल हुए 16,745 विद्यार्थियों में से 1,778 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे थे। वहीं, 12वीं में 13,498 परीक्षार्थियों में से 546 छात्र सफल नहीं हो पाए थे। इनके अलावा लगभग 1,900 छात्रों ने श्रेणी सुधार (अंक सुधार) के लिए आवेदन किया है। इस तरह कुल 4,000 छात्र इस परीक्षा का लाभ उठाएंगे।

अंकों में सुधार नहीं हुआ, तो पुरानी मार्कशीट ही मान्य
बोर्ड ने साफ किया है कि यदि कोई छात्र अंक सुधारने के लिए परीक्षा दे रहा है और उसके नंबर पहले से कम आते हैं या नहीं बढ़ते हैं, तो उसकी पुरानी (मूल) मार्कशीट ही मान्य रहेगी। छात्र अपनी सहूलियत के हिसाब से एक, एक से अधिक या सभी विषयों की परीक्षा देने के लिए स्वतंत्र हैं।

मुख्य परीक्षा तिथियां (Important Exam Dates)
कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षाएं:

8 जुलाई: हिंदी

10 जुलाई: अंग्रेजी

11 जुलाई: संस्कृत

13 जुलाई: इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान, गणित, ड्राइंग

15 जुलाई: भूगोल, भौतिकशास्त्र

17 जुलाई: राजनीति विज्ञान, रसायनशास्त्र, लेखाशास्त्र

22 जुलाई: जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र

कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षाएं:

9 जुलाई: गणित

11 जुलाई: हिंदी

14 जुलाई: अंग्रेजी

16 जुलाई: विज्ञान

18 जुलाई: सामाजिक विज्ञान

20 जुलाई: संस्कृत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *