सूरजपुर। नगर पंचायत प्रेमनगर में लगभग 66.09 लाख रुपये के निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोपों ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। मामले में की गई शिकायत पर सरगुजा संभाग आयुक्त कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए कलेक्टर सूरजपुर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त कार्यालय के निर्देश के बाद अब मामले की जांच सूरजपुर अपर कलेक्टर द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हमर उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष एवं पत्रकार चन्द्र प्रकाश साहू ने नगर पंचायत प्रेमनगर में जारी सात निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कलेक्टर, आयुक्त एवं नगरीय प्रशासन विभाग को शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्धारित तिथि पर निविदा नहीं खोली गई, बिना सार्वजनिक सूचना के तिथि में परिवर्तन किया गया, निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा तथा प्रतिस्पर्धी निविदाकारों को पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
शिकायत के आधार पर सरगुजा संभाग आयुक्त कार्यालय, अंबिकापुर से जारी ज्ञापन में कलेक्टर सूरजपुर को निर्देशित किया गया है कि शिकायत में उल्लेखित तथ्यों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी पत्र में शिकायत की प्रति संलग्न करते हुए पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कराने की बात कही गई है।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत प्रेमनगर द्वारा लगभग 66 लाख 9 हजार रुपये की लागत से सात अलग-अलग निर्माण कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निविदा प्रक्रिया के दौरान नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
आयुक्त कार्यालय से निर्देश प्राप्त होने के बाद अब सूरजपुर अपर कलेक्टर द्वारा संबंधित दस्तावेजों, निविदा अभिलेखों तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।
सार्वजनिक धन से जुड़े इस मामले की जांच शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की निगाहें अब प्रशासनिक जांच के निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं। वहीं शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग दोहराई है।
