मुंबई: फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर चल रहा विवाद अब और ज्यादा गरमा गया है। फिल्म के निर्माता अमित जानी का एक बेहद आक्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इस वीडियो में प्रोड्यूसर अमित जानी, अभिनेता सलमान खान की लीगल टीम द्वारा भेजे गए नोटिस को कैमरे के सामने सरेआम फाड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
गुरुवार को सामने आए इस वीडियो में अमित जानी ने बेहद कड़े तेवर दिखाए। नोटिस को टुकड़ों में फाड़ते हुए उन्होंने साफ तौर पर कहा, “जवाब दे दिया, अब जिसे भेजना है भेजो।” प्रोड्यूसर ने दावा किया कि जब से उन्होंने इस फिल्म की घोषणा की है, तब से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वह किसी भी तरह के दबाव में नहीं आने वाले हैं और अपने फैसले पर पूरी तरह कायम हैं। अमित जानी का कहना है कि इस कानूनी नोटिस का मकसद सिर्फ उन्हें डराना और फिल्म के काम को रोकना है, लेकिन वह पीछे नहीं हटेंगे।
क्यों भेजा गया है यह लीगल नोटिस?
सलमान खान की लीगल टीम की ओर से भेजे गए इस नोटिस में फिल्म ‘काला हिरण’ के विषय पर सख्त आपत्ति जताई गई है। नोटिस के मुताबिक, यह फिल्म कथित तौर पर ब्लैकबक (काला हिरण) शिकार मामले से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है, जिससे अभिनेता की छवि को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
नोटिस में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि चूंकि यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है, इसलिए इस संवेदनशील विषय पर फिल्म बनाने से जनता की राय प्रभावित हो सकती है और अदालती प्रक्रिया पर भी इसका असर पड़ सकता है। इसी आधार पर सलमान खान की टीम ने फिल्म के निर्माण और इसके प्रमोशन को तत्काल रोकने की मांग की है। हालांकि, प्रोड्यूसर के इस ताजा कदम के बाद अब यह कानूनी लड़ाई और दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है।