रायपुर। छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों की राहत के बाद गर्मी एक बार फिर अपना असर दिखाने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत दिए हैं। वहीं दूसरी ओर राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दोपहर बाद अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट से लोगों को तेज धूप और गर्मी से राहत मिली थी। सोमवार को रायपुर और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। हालांकि मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला और तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके चलते दोपहर में गर्मी और उमस का असर फिर महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां देश में तेज हो रही हैं। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई दे सकता है। वातावरण में नमी बढ़ने से आने वाले दिनों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया। यहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा प्रदेश के ऊपर दो द्रोणिकाएं भी बनी हुई हैं। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है।
रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। शहर में हल्की बारिश और अंधड़ की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।