शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर लाखों की ठगी, भिलाई का शातिर आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता
भिलाई । शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि रायपुर निवासी दीपक गाडगे (37 वर्ष) एवं सेक्टर-6 भिलाई निवासी पापा राव (63 वर्ष) सहित अन्य लोगों ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पुरानी बस्ती सुपेला निवासी टोमन दास साहू ने शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर उनसे बड़ी रकम निवेश कराई।

आरोपी ने दीपक गाडगे से करीब 23 लाख रुपये, भीष्म महिलांग से 15 लाख रुपये तथा पापा राव से 10 लाख रुपये सहित अन्य लोगों से भी लाखों रुपये लेकर कथित रूप से धोखाधड़ी की। शिकायतों के आधार पर थाना सुपेला में आरोपी के विरुद्ध दो अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी टोमन दास साहू को गिरफ्तार कर उसके कार्यालय एवं निवास से महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। जब्त सामग्री में एक कार, एक लैपटॉप, एक सीपीयू, एक की-बोर्ड, दो मॉनिटर, 10 चेक बुक, दो मोबाइल फोन, चार लेन-देन की डायरी तथा 10 ट्रॉफियां शामिल हैं।

सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 766/2026 एवं 767/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) एवं 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *