दुर्ग पुलिस ने खोजे 41 लाख के 201 गुमशुदा मोबाइल, एसपी ने असली मालिकों को सौंपे चेहरे पर लौटी मुस्कान

रमेश गुप्ता भिलाई । दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) ने गुम हुए मोबाइल फोन खोजने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 41 लाख रुपये आंकी गई है। इन मोबाइलों को मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के द्वारा वितरित किया गया।
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जिले में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर गुम मोबाइलों की खोजबीन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिला दुर्ग के थाना प्रभारियों के नेतृत्व में एसीसीयू एवं थाना पुलिस की टीमों को इस कार्य में लगाया गया।
टीम ने वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 के दौरान गुम हुए मोबाइलों को सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया। अथक प्रयासों के बाद दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, रायपुर सहित मध्य प्रदेश एवं आंध्र प्रदेश से विभिन्न कंपनियों के कुल 201 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
दुर्ग पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में यह चौथा मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों की सूची पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं एक्स (ट्विटर) पर अपलोड की जाएगी। सूची में अपना मोबाइल पहचानने वाले संबंधित स्वामी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कार्यालय, सेक्टर-03 भिलाई से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना मोबाइल प्राप्त कर सकेंगे। इस सफलता में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही है।
……………………………

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने की अपील की है, जिससे उन्हें शीघ्र खोजकर वापस लौटाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *