सुशासन तिहार कार्यक्रम में पंखे में ब्लास्ट, बड़ा हादसा टला

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के खरदी गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम स्थल पर लगे एक चालू पंखे में अचानक ब्लास्ट हो गया और उसमें आग लग गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों और बिजली विभाग की टीम की तत्परता से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार मानपुर विकासखंड के खरदी गांव में सुशासन तिहार के तहत एक विशाल जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की नोडल जिम्मेदारी आबकारी विभाग के पास थी। शिविर में जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मंच पर जिला कलेक्टर समेत अन्य अधिकारी कार्यक्रम में शामिल थे।

इसी दौरान पंडाल में लगे एक इलेक्ट्रिक पंखे से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में पंखे में छोटा विस्फोट हुआ और उसमें आग भड़क गई। घटना देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपनी सीटों से उठकर बाहर की ओर जाने लगे।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई की। जलते हुए पंखे की बिजली सप्लाई मुख्य बोर्ड से काट दी गई। बिजली बंद होते ही आग फैलने से पहले ही नियंत्रण में आ गई। इससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि समय रहते बिजली सप्लाई नहीं रोकी जाती तो आग पूरे पंडाल में फैल सकती थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी मौजूद थे। ऐसे में बड़ा हादसा होने की आशंका थी।

घटना के बाद पंडाल में लगे अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *