इंदौर। शहर के परदेशीपुरा इलाके में रविवार को एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है।

हीरानगर थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 38 वर्षीय विकास पुत्र नंदू निवासी गली नंबर 6, परदेशीपुरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विकास ने जहर खाने से पहले कई लोगों को मोबाइल पर मैसेज भेजे थे।
पुलिस के मुताबिक विकास ने एक युवती को भी मैसेज किया था। उसी युवती ने कुछ वर्ष पहले उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा उसने युवती से जुड़े कुछ अन्य लोगों और एक वकील को भी संदेश भेजे थे।
जानकारी के अनुसार विकास ने कनेक्श्वरी मैदान क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल लेकर गई। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि विकास पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। परिवार के मुताबिक उसने सुसाइड से पहले कुछ लोगों को मैसेज भेजकर अपनी बात रखी थी। उसने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो और संदेशों में मृतक ने सेंधवा क्षेत्र के कुछ पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस अब इन संदेशों और वीडियो की जांच कर रही है। मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।
परिवार के अनुसार करीब तीन साल पहले एक युवती ने अपने एक परिचित के साथ मिलकर विकास के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। मामला अदालत में विचाराधीन था और विकास नियमित रूप से कोर्ट में पेशी पर जाता था।
परिजनों ने दावा किया कि विकास पहले युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुका था। बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।