गट्टाकाल-गोमे के जंगल में सर्चिंग के दौरान मिली बड़ी सफलता
कांकेर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टाकाल-गोमे के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया है। बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम के संयुक्त बल द्वारा जंगल क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम गट्टाकाल-गोमे के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध स्थान पर छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद किया गया।
बीडीएस टीम द्वारा सावधानीपूर्वक जांच के बाद डम्प को खोलकर उसमें से 29 नग लाल कपड़े के पैकेट बरामद किए गए, जिनकी कुल लंबाई लगभग 580 मीटर बताई गई है। इसके अलावा काले रंग के ढीले कपड़े के दो टुकड़े भी बरामद किए गए, जिनकी लंबाई लगभग 9 मीटर है।
संयुक्त अभियान में बीएसएफ 40वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर जे.पी. बाना, इंस्पेक्टर ईशरू, इंस्पेक्टर गुईंगबाऊ डेमी, एसआई सौरभ यादव एवं एसआई नवीन प्रकाश सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार अतिरिक्त सतर्कता के साथ अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।