गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने वाला आरोपी जेल भेजा गया..

रमेश गुप्ता भिलाई । खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान स्वयं को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने और अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई को दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम खुर्सीपार में क्रिकेट मैच का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान आरोपी सर्वेश सिंह खिलाड़ियों के बीच पहुंचा और स्वयं को माननीय गृह मंत्री का ओएसडी बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने लगा। आरोपी द्वारा खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं डराने-धमकाने की शिकायत सामने आई।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी जय प्रकाश ने 27 मई को थाना खुर्सीपार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 42/102/2026 दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को अनुविभागीय दण्डाधिकारी छावनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
खिलाड़ियों पर बना रहा था दबाव
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर खिलाड़ियों पर दबाव बना रहा था तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए वैधानिक कार्रवाई की।
आरोपी का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम सर्वेश सिंह (38 वर्ष) है, जो नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा का निवासी है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
पूरे मामले में थाना खुर्सीपार पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई को सराहनीय बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *