जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरेला इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के ‘निसर्ग वॉटर पार्क’ में दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने और गर्मी से राहत पाने आए एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे वॉटर पार्क परिसर में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वॉटर पार्क प्रबंधन की इस भारी लापरवाही को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जबलपुर के रांझी झंडा चौक का निवासी साजन विश्वकर्मा अपने तीन दोस्तों के साथ बरेला के निसर्ग वॉटर पार्क में घूमने और नहाने गया था। वॉटर पार्क में मौज-मस्ती के दौरान जब वह वाटर स्लाइड (फिसल पट्टी) से नीचे आ रहा था, तभी अचानक उसका हाथ स्लाइड की लोहे की रेलिंग पर टिक गया। लोहे की उस रेलिंग में पहले से ही बेहद तेज करंट दौड़ रहा था। पानी से भीगे होने के कारण करंट का झटका इतना भीषण था कि साजन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया।
इस घटना ने वॉटर पार्क संचालकों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। भीषण गर्मी के इस मौसम में लोग जहां राहत की उम्मीद लेकर ऐसे स्थानों पर पहुंचते हैं, वहां बिजली के खुले तारों और करंट लीकेज जैसी गंभीर खामियों पर ध्यान न देना प्रबंधन की आपराधिक लापरवाही को दर्शाता है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बरेला थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। बरेला पुलिस ने वॉटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।