Petrol Diesel Price Hike : नई दिल्ली। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनता का बजट बिगाड़ कर रख दिया है. सोमवार को एक बार फिर ईंधन के दामों में तगड़ा इजाफा किया गया है, जिसके तहत पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले महज 10 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब तेल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे पहले 15 मई को 3-3 रुपये, 19 मई को 90 पैसे, और 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे व डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था.
इस नए उछाल के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है. वहीं देश के अन्य महानगरों की बात करें तो मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये, कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. इसके अलावा भोपाल में पेट्रोल की कीमत 114.57 रुपये और नोएडा में 102.12 रुपये प्रति लीटर तक जा पहुंची है.
दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ जहां घरेलू बाजार में कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) के दामों में बड़ी गिरावट आई है. ब्रेंट क्रूड ऑयल 4.75 फीसदी टूटकर 100 डॉलर से नीचे यानी 98.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी घटकर 92 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है. ईंधन के इस नए दाम बढ़ने से अब माल ढुलाई, बस-ऑटो और स्कूल वैन का किराया बढ़ने की पूरी आशंका है, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में फल, सब्जी, राशन और अनाज की कीमतों पर देखने को मिल सकता है.