आदि कर्मयोगी अभियान और जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत चौपाल आयोजित, श्रमिकों की समस्याओं का किया गया समाधान

राजेश गुप्ता, कोरिया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत शनिवार को ग्राम टेडमा में बन रहे नवा तरिया निर्माण कार्य का निरीक्षण जनपद पंचायत बैकुंठपुर के सीईओ द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर 197 श्रमिक कार्य करते मिले। श्रमिकों की उपस्थिति मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की गई।

कार्यस्थल पर श्रमिकों के लिए छाया और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। अधिकारियों ने श्रमिकों से बातचीत कर कार्यों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान ग्राम टेडमा और तोलगा में आदि कर्मयोगी अभियान, जन भागीदारी अभियान और “जनजातीय गरिमा उत्सव” के तहत जनसुनवाई चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों और आवास हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं।

आवास हितग्राहियों ने बताया कि वर्क कोड जनरेट नहीं होने के कारण उन्हें मजदूरी भुगतान में परेशानी हो रही है। इस पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी हितग्राहियों को दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *