रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव ला रहा सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है। इसके चलते प्रदेश में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
सोमवार को रायपुर समेत कई जिलों में तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिला। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, लेकिन गर्मी और उमस से लोगों को खास राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
प्रदेश में सोमवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के बाद केरल पहुंच सकता है। हालांकि इसमें चार दिन तक की त्रुटि संभव बताई गई है। मानसून की गतिविधियों पर फिलहाल मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास भी एक ऊपरी हवा का सिस्टम सक्रिय है। इन सिस्टमों का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी आंशिक रूप से पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।