कोरबा में फैक्ट्री हादसा, मशीन की चपेट में आने से महिला मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर हंगामा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक फैक्ट्री हादसे में महिला मजदूर की मौत हो गई। राखड़ ईंट फैक्ट्री में मशीन साफ करते समय महिला अचानक उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में काम चल रहा था। उसी दौरान 26 वर्षीय बिछनी बाई मशीन की सफाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि मशीन चालू हालत में थी। सफाई के दौरान अचानक मशीन का लीवर नीचे गिर गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।

फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों ने तुरंत महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मशीन में दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका लंबे समय बाद उसी दिन काम पर लौटी थी।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। बिछनी बाई अपने परिवार का सहारा थी। उसका एक नाबालिग बेटा भी है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने की कोशिश की। इस दौरान रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत भी मौके पर पहुंचे। दोनों ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।

करीब चार घंटे तक फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच बातचीत चली। आखिरकार मृतिका के परिवार को मुआवजा देने पर सहमति बनी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *