डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ के ग्राम पलांदूर में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान अचानक चाकूबाजी हो गई। मंचीय कार्यक्रम में जब भाषण चल रहा था, तभी एक युवक ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में पलांदूर के सरपंच मानिकलाल वर्मा के हाथ में गंभीर चोट आई है। सरकारी कार्यक्रम में खुलेआम हुई इस चाकूबाजी से मौके पर भारी अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
भाषण के बीच अचानक मंच पर चढ़ा हमलावर (Dongargarh Palandur Crime News)
चश्मदीदों के मुताबिक, सुशासन तिहार का कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा था और मंच से नेता-अधिकारी ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच पलांदूर का ही रहने वाला 36 वर्षीय जितेंद्र यादव अचानक मंच के पास पहुंचा और उसने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। हालांकि, घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद सजग ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाई। उन्होंने घेराबंदी करके आरोपी जितेंद्र यादव को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे फौरन गिरफ्तार कर थाने भेज दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और हमले के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।
प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल (Chhattisgarh Susashan Tihar 2026)
यह वारदात ऐसे समय में हुई है जब पूरे प्रदेश में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत गांव-गांव में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि इन शिविरों के जरिए प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का तुरंत निराकरण कर रहा है। लेकिन ग्रामीण इलाके के एक बड़े सरकारी आयोजन में सुरक्षा की ऐसी चूक ने प्रशासनिक इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।
डोंगरगढ़ में पहले भी हो चुका है बवाल
डोंगरगढ़ क्षेत्र के सरकारी कार्यक्रमों में विवाद और जन आक्रोश की यह पहली घटना नहीं है। इससे कुछ ही दिन पहले डोंगरगढ़ में ही पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था। उग्र लोगों ने वहां पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को कई घंटों तक बंधक बना लिया था। स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि बाद में पुलिस को बल प्रयोग करके अधिकारियों को छुड़ाना पड़ा था। अब पलांदूर में हुई इस चाकूबाजी ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।