छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: मई में मानसून जैसा नजारा, झमाझम बारिश से पारा गिरा, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

रायपुर। नौतपा की आहट के बीच छत्तीसगढ़ के मौसम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मई के महीने में ही लोगों को मानसून जैसा अहसास होने लगा है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने मौसम को बेहद खुशनुमा बना दिया है। ठंडी हवाओं और बारिश की वजह से तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है।

मई के महीने में सावन जैसी झड़ी

आमतौर पर मई के महीने में सूरज आग उगलता है, लेकिन इस साल कहानी बदली हुई है। पिछले 15 दिनों से छत्तीसगढ़ के आसमान पर बादलों का डेरा है और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी कई इलाकों में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों की बात करें तो कसडोल में सबसे ज्यादा 60 मिमी पानी बरसा। इसके अलावा कोमाखान में 40 मिमी, गिरौदपुरी में 30 मिमी, जबकि बलौदाबाजार, भाटापारा और कोटा में 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जगदलपुर सबसे गर्म, राजनांदगांव में सबसे ज्यादा ठंडक

मौसम में आए इस बदलाव के कारण पारा तेजी से नीचे गिरा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मई के लिहाज से काफी कम है। वहीं, राहत के बीच जगदलपुर जिला प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया- क्यों बदला मौसम का मिजाज?

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, इस समय एक साथ कई मौसम प्रणालियां एक्टिव हैं। बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही एक चक्रवाती घेरा पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी मध्य प्रदेश से लेकर बांग्लादेश तक जा रही है। इन सब सिस्टम के असर से शनिवार को भी प्रदेश में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने, अंधड़ चलने और बिजली गिरने की आशंका है। हालांकि, 17 मई से तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने जो अनुमान जताया है, उसके मुताबिक शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *