जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कच्चा आम लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन ओडिशा से कच्चा आम लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार पिकअप पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों ने तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर देखा तो पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा था। चालक गंभीर रूप से घायल था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिया पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों का कहना है कि खारीझाड़िया की यह पुलिया काफी संकरी है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। लोगों ने कई बार पुलिया चौड़ी करने और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
सड़क हादसों से बचने के लिए रखें सावधानी
- बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें
- चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं
- नशे की हालत में ड्राइविंग न करें
- थकान या नींद आने पर वाहन न चलाएं
- यातायात नियमों का पालन करें