NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA के महानिदेशक Abhishek Singh का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने माना कि यह फैसला छात्रों, अभिभावकों और खुद NTA के लिए बेहद कठिन और शर्मनाक है, लेकिन परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जा सकता।
NTA ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
आजतक को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अभिषेक सिंह ने बताया कि 7 मई की देर रात एजेंसी को कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले थे। इनमें ऐसे सवाल शेयर किए गए थे जो NEET परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। इसके बाद तुरंत इन मैसेज को जांच एजेंसियों के पास भेजा गया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा वाले दिन किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली थी और एग्जाम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद एजेंसी ने मामले को गंभीरता से लिया।
NTA प्रमुख के मुताबिक 8 और 9 मई को जांच एजेंसियों ने व्हाट्सएप मैसेज की जांच की। वहीं 10 और 11 मई को कुछ आरोप सही पाए गए। इसके बाद एजेंसी ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पेपर लीक कितने बड़े स्तर पर हुआ और कितने छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचा। पूरे मामले की जांच अब CBI को सौंप दी गई है। जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि मामला किसी एक राज्य तक सीमित था या कई राज्यों में फैला हुआ था।
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा मानी जाती है। इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।