कुम्हारी में दर्दनाक हादसा : आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

रमेश गुप्ता भिलाई । थाना क्षेत्र कुम्हारी अंतर्गत वार्ड क्रमांक 04 खपरी रोड स्थित एक मकान में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, फायर ब्रिगेड एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और बचाव कार्य में जुट गए।
दोपहर 3:30 बजे मिली आग लगने की सूचना
एडिशनल एसपी मणि शंकर चंद्रl ने बताया कि 12 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे थाना कुम्हारी पुलिस को वार्ड क्रमांक 04 खपरी रोड स्थित मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड तत्काल मौके पर पहुंची।


सिलेंडर फटने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सिलेंडर फटने से होना बताया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि मकान के भीतर मौजूद चार लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।


फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतकों के नाम
घटना में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है –
होमदास वैष्णव (40 वर्ष)
लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष)
चांदनी (17 वर्ष)
गोपिका (01 वर्ष)
इलाके में शोक का माहौल
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से कुम्हारी क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रत्येक मृतक सदस्य को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की

कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की हृदय विदारक घटना में होमदास वैष्णव (40), लक्ष्मी (18), चांदनी (17) और दो वर्षीय गोपिका की दर्दनाक मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है, जबकि इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा आरबीसी 6-4 के तहत प्रति मृतक 4-4 लाख रुपये की अलग से आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। इस दौरान सांसद विजय बघेल और विधायक रिकेश सेन सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *