मोदी के संदेश का असर: महापौर रामू रोहरा अब दोपहिया से पहुंचेंगे निगम

धमतरी। पेट्रोल , डीज़ल का कम उपयोग करने को लेकर दिए गए प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का असर अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में रामू रोहरा ने चार चक्का वाहन की जगह दोपहिया वाहन से नगर निगम आना-जाना शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत उन्होंने आज से की। महापौर के इस कदम की शहर में चर्चा हो रही है और लोग इसे सादगी व जनता से जुड़ाव का संदेश मान रहे हैं।
वैसे तो महापौर रामू रोहरा लंबे समय से सुबह के समय दोपहिया वाहन से विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते रहे हैं। वे नियमित रूप से वार्डों में पहुंचकर सड़क, सफाई, पानी, बिजली, नाली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हैं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हैं। अब उन्होंने निगम कार्यालय आने-जाने में भी दोपहिया वाहन का उपयोग शुरू कर दिया है।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सादगी केवल दिखाने की चीज नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि के जीवन का हिस्सा होना चाहिए। जनता ने हमें सेवा के लिए चुना है, इसलिए हमें आम नागरिक की तरह रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। दोपहिया वाहन से यात्रा करने पर लोगों से सीधे मुलाकात होती है और उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं की जानकारी तुरंत मिल जाती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल कार्यालय में बैठकर काम करना नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी जरूरतों को समझना है। जब जनप्रतिनिधि सीधे जनता के बीच पहुंचता है, तब लोगों का विश्वास भी मजबूत होता है। महापौर ने कहा कि शहर के विकास, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है और आने वाले समय में भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
महापौर के दोपहिया वाहन से निगम पहुंचने पर कई लोगों ने उनका स्वागत किया तथा इसे सकारात्मक पहल बताया। नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का सरल और सहज व्यवहार जनता को उनसे जोड़ता है तथा इससे आम लोगों में अच्छा संदेश जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *