मदर्स डे पर रायपुर महिला जेल की बंदिनियों को मिली खास सौगातअब वीडियो कॉल के जरिए अपनों से जुड़ सकेंगी

रमेश गुप्ता रायपुर..मदर्स डे के अवसर पर रायपुर महिला जेल में बंद महिलाओं को एक बड़ी और भावनात्मक सौगात दी गई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप 10 मई को महिला जेल, रायपुर में प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के माध्यम से अब महिला बंदिनी अपने परिवारजनों और अधिवक्ताओं से वीडियो कॉलिंग के जरिए सीधे संवाद कर सकेंगी।
जेल विभाग और बीएसएनएल के सहयोग से शुरू हुई सुविधा
यह आधुनिक वीडियो कॉलिंग सिस्टम जेल विभाग और बीएसएनएल के बीच हुए एमओयू के तहत स्थापित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से बंदिनियों को मानसिक संबल मिलेगा और वे अपने परिवार से भावनात्मक रूप से जुड़े रह सकेंगी।


‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान निश्चय कार्यक्रम अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जेल प्रशासन ने इसे सुधार और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रशिक्षण प्राप्त बंदिनियों ने भी इस पहल पर खुशी जाहिर की।
जेल में रह रहे बच्चों को बांटे गए उपहार
मदर्स डे के इस विशेष मौके पर महिला बंदिनियों के साथ जेल में रह रहे 14 बच्चों को भी उपहार वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और माताओं की भावुकता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
इस अवसर पर हिमांशु गुप्ता (डीजी जेल), योगेश सिंह क्षत्री (जेल अधीक्षक), विजय छबलानी (बीएसएनएल), गरिमा पांडेय (महिला जेल प्रभारी) सहित जेल विभाग के अधिकारी, स्टाफ और महिला बंदिनियां मौजूद रहीं।
संवेदनशील पहल की हो रही सराहना
महिला जेल में शुरू की गई यह सुविधा सिर्फ तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि बंदिनियों को समाज और परिवार से जोड़ने की मानवीय पहल मानी जा रही है। मदर्स डे पर मिली यह सौगात महिला बंदिनियों के लिए यादगार बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *