रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इन दिनों आईपीएल के रंग में डूबी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू ने इस साल रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है। शनिवार को टीम के खिलाड़ियों ने स्थानीय संस्कृति और खानपान का जमकर आनंद लिया। आरसीबी के क्रिकेटर्स को छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कांदा भाजी, चरोटा भाजी और रागी से बने व्यंजन परोसे गए। गर्मियों से राहत के लिए उन्होंने बस्तर के प्राकृतिक तिखुर शरबत का स्वाद भी चखा।
आरसीबी की टीम 10 मई को मुंबई इंडियंस और 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबला खेलने वाली है। पूरी टीम फिलहाल मायरा रिजॉर्ट में ठहरी हुई है, जहां उनका स्वागत पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ किया गया। टीम के कप्तान रजत पाटीदार सहित अन्य खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प, गोदना कला और चित्रकोट जलप्रपात के बारे में विस्तार से जानकारी ली। टैटू के शौकीन क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गोदना कला से विशेष रूप से प्रभावित नजर आए।
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने रायपुर की गर्मजोशी और स्वागत की तारीफ करते हुए कहा कि यहां उन्हें बिल्कुल घर जैसा महसूस हो रहा है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस की टीम मेफेयर होटल में रुकी है, जहां उनके लिए भी छत्तीसगढ़ी थीम पर विशेष तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से रायपुर में 10 साल बाद आईपीएल की वापसी हुई है, जिससे राज्य की पहचान खेल जगत में और मजबूत होगी।
मैचों के दौरान स्टेडियम में ग्लैमर का तड़का भी लगेगा। खबर है कि विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह मैच देखने पहुंचेंगी। इसके अलावा मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी, अनंत अंबानी और राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला के भी आने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमी अपने पसंदीदा सितारों को मैदान पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।