सूने मकान को निशाना, शादी में गए रेलवे कर्मी के घर लाखों की चोरीराधिका नगर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात

रमेश गुप्ता भिलाई… सुपेला थाना क्षेत्र स्थित राधिका नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रेलवे कर्मचारी अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पीछे से चोर घर में घुस गए और नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
गहने और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश
जानकारी के मुताबिक चोर घर से करीब 1 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी ले गए। जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। घटना का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।


रात 1 बजे पुलिस को दी गई सूचना
पीड़ित परिवार ने देर रात करीब 1 बजे सुपेला पुलिस को चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
मौके पर पहुंचे सीएसपी
सुबह होते ही सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुलिस टीम को जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की इस वारदात के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से मकान की रेकी कर रहे थे और घर सूना मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
क्षेत्र में बढ़ी दहशत
घटना के बाद राधिका नगर और आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *