रायपुर में शनिवार शाम नगर निगम की एक सिटी बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना जब्बार नाला के पास हुई, जहां चलते-चलते बस से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, बस बलौदाबाजार से रायपुर आ रही थी। आग लगते ही चालक और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पंडरी पुलिस के अनुसार, शाम करीब 7 बजे राहगीरों ने सिटी बस में आग लगने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।