रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अचानक मौसम बदलने के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि 11 मई के बाद गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
अन्य जिलों की बात करें तो सुकमा में 38.8 डिग्री, रायपुर में 39.4 डिग्री, कवर्धा में 37.6 डिग्री, बेमेतरा में 38.2 डिग्री, बिलासपुर में 37.4 डिग्री, जगदलपुर में 36.4 डिग्री, रायगढ़ में 37 डिग्री और सरगुजा में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई है।