यह हिंदुत्व और विकास की जीत है-डॉ. देवेंद्र माहला

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत, पुना भेंगरा दूसरी बार बने विधायक

भानुप्रतापपुर। पश्चिम बंगाल की नागराकाटा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी पुना भेंगरा ने दूसरी बार विधायक बनकर क्षेत्र में पार्टी की मजबूत पकड़ साबित की है। इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा पश्चिम बंगाल के प्रदेश महामंत्री डॉ. देवेंद्र माहला ने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर भाजपा की नीतियों, केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया।


डॉ. माहला ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केवल भाजपा की नहीं बल्कि हिंदुत्व, विकास और जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, युवा और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है, जिसका परिणाम जनता ने मतदान के माध्यम से दिया है।
उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से भाजपा प्रत्याशी पुना भेंगरा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की थी। जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः विधानसभा भेजा।
जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मिठाई बांटकर एवं आतिशबाजी कर जश्न मनाया। पार्टी नेताओं ने इस जीत का श्रेय संगठन की मेहनत, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता के समर्थन को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *