किराना दुकानदार से लूट करने वाले 4 आरोपी 24 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार को धमकाकर नगदी लूटने वाले चार आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड जामुल निवासी 58 वर्षीय मेजर यादव ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे चार युवक उनकी किराना दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने चाय, पानी की बोतल, गुटखा और सिगरेट लेने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो वे विवाद करने लगे।
इसी दौरान आरोपी श्याम रेड्डी ने धारदार हथियार दिखाकर दुकानदार को डराया-धमकाया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर दुकान के गल्ले में रखी 5,100 रुपये की नगदी जबरन निकाल ली और मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान दुकानदार अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया।
मामले में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में धनराज निर्मलकर (21), विराज (18), श्याम रेड्डी (25) और प्रहलाद बंजारे (22), सभी निवासी खुर्सीपार क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं नगदी से संबंधित साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की भूमिका सराहनीय
पूरे मामले में पुरानी भिलाई पुलिस की त्वरित विवेचना और प्रभावी कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *