पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक रुझानों में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट पानीहाटी से बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी टीएमसी के तीर्थंकर घोष से भारी मतों से आगे चल रही हैं। रत्ना देबनाथ उसी ट्रेनी डॉक्टर की मां हैं, जिनकी अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बर्बरता के बाद हत्या कर दी गई थी।
रत्ना देबनाथ ने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान महिला सुरक्षा और न्याय को मुख्य मुद्दा बनाया था। उन्होंने ममता सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग को जन-आंदोलन में बदल दिया। रुझानों के अनुसार बंगाल की 293 सीटों में से बीजेपी 190 से अधिक सीटों पर आगे है, जबकि टीएमसी 90 के आसपास सिमटती नजर आ रही है। कोलकाता में बीजेपी मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ता जय श्री राम के नारों और मिठाइयों के साथ जश्न मना रहे हैं। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो बंगाल में पहली बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।