रायपुर की कमर्शियल बिल्डिंग्स में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार सुबह फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में आईएएस सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी लिफ्ट में फंस गईं। अचानक लिफ्ट खराब होने से वह काफी देर तक अंदर ही फंसी रहीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा गया।
इससे पहले 20 अप्रैल को करेंसी टॉवर में सीनियर आईएएस ऋचा शर्मा भी करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही थीं। शहर की बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार सामने आ रही है। इन लिफ्ट्स में न तो पर्याप्त रोशनी है और न ही इमरजेंसी अलार्म की व्यवस्था। मुख्य विद्युत निरीक्षक ने घटना के बाद सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं।