नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला विवादों का सबब बन गया है जहां ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का कश लगाते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए बीसीसीआई ने सख्त कदम उठाते हुए रियान पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना ठोक दिया है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। आईपीएल 2026 में वह वैपिंग यानी ई-सिगरेट के इस्तेमाल के कारण सजा पाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं जिन्होंने मैच रेफरी अमित शर्मा के सामने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.22 के तहत अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
भारत में बैन है वैपिंग और बीसीसीआई के नियम भी कड़े
भारत सरकार ने साल 2019 से ही ई-सिगरेट पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है और बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों के मुताबिक भी खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम जैसे सार्वजनिक स्थानों पर स्मोकिंग या वैपिंग करना सख्त वर्जित है। पराग से पहले एरॉन फिंच और एबी डीविलियर्स जैसे दिग्गज भी ऐसी हरकतों के कारण चर्चा में रहे हैं लेकिन मौजूदा सीजन में राजस्थान के कप्तान ने नियमों की धज्जियां उड़ाकर बड़ी मुसीबत मोल ली है। हालांकि इस सीजन में कप्तान के तौर पर पराग का प्रदर्शन सराहनीय रहा है और राजस्थान की टीम जीत की पटरी पर है मगर बल्ले से उनका खराब फॉर्म और अब यह विवाद उनकी साख पर सवाल खड़े कर रहा है।
