एसडीओपी ने प्रेसवार्ता कर घटना के खुलासा किया
भानुप्रतापपुर। थाना लोहत्तर क्षेत्र के ग्राम तुमरीसुर में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या कराने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सुपारी देकर हमला करवाने वाले सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी लालजी पुड़ो (32 वर्ष), निवासी तुमरीसुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24-25 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात करीब 12 बजे, जब वह एक शादी समारोह से वापस घर लौट रहा था, तब उसके घर के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पहले उसे सीएचसी दुर्गकोन्दल में भर्ती कराया गया, बाद में जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना लोहत्तर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा संदिग्धों के कॉल डिटेल (CDR) खंगालने और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि गांव के ही अनिल पुड़ो, राजेश उर्फ राकेश आंचला और मनसा नेताम, लालजी पुड़ो से बढ़ते प्रभाव के कारण रंजिश रखते थे। तीनों ने मिलकर लालजी की हत्या के लिए 20 हजार रुपये में रोहित जैन और भुरू उर्फ दिनेश को सुपारी दी थी।
योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने शादी से लौटते समय सुनसान स्थान पर हमला करने की साजिश रची। घटना की रात दोनों सुपारी किलर मोटरसाइकिल से तुमरीसुर पहुंचे और पीड़ित की पहचान कर उसके घर के पास इमली के पेड़ के पास छिपकर इंतजार करने लगे। जैसे ही लालजी पुड़ो वहां पहुंचा, उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद किया, जिसे खंडहर मकान में छिपाया गया था। साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
मामले में हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, साक्ष्य मिटाने और आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों—अनिल पुड़ो, राजेश उर्फ राकेश, मनसा नेताम, रोहित जैन और भुरू उर्फ दिनेश—को 28 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना लोहत्तर टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।