अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़

बिलासपुर पुलिस ने रिहायशी अपार्टमेंट में हो रही चोरियों का बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। करीब 20 दिन तक दिल्ली और मेरठ में डेरा डालकर पुलिस ने शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया और लाखों का माल बरामद किया है।अपार्टमेंट चोरी की वारदातों से परेशान शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने मेरठ निवासी शातिर आरोपी ताज मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 35 ग्राम गला हुआ सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फिंगरप्रिंट समेत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।जांच में सामने आया कि आरोपी ताज मोहम्मद और उसका साथी वसीम मोहम्मद देश के कई राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। ताज के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, जयपुर, अलीगढ़ और लुधियाना सहित कई शहरों में 47 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह फ्लैट्स को निशाना बनाते थे और चोरी के जेवरों को खुद ही गलाकर छिपा देते थे, ताकि पहचान से बच सकें। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोना गलाने की चिमनी भी जब्त की है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की गई है और उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है। वहीं फरार आरोपी वसीम मोहम्मद फिलहाल दिल्ली जेल में बंद है, जिसे जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लाया जाएगा। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हो रही चोरियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *