मुंगेली
आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ उनके ही गृह राज्य छत्तीसगढ़ में विद्रोह की आग भड़क गई है। मुंगेली जिले के पैतृक गांव बटहा में आप कार्यकर्ताओं ने संदीप पाठक के घर के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए उनकी दीवार पर गद्दार लिख दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उन पर अवसरवाद का आरोप लगाते हुए यहां तक लिख दिया कि वह पार्टी के थिंक टैंक नहीं बल्कि सैप्टिक टैंक निकले। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जिस पार्टी ने उन्हें फर्श से अर्श तक पहुंचाया और पहचान दी उसी के साथ उन्होंने बड़ी धोखाधड़ी की है।
राज्यसभा में बदला समीकरण और आप के बागी अब भाजपाई
संदीप पाठक सहित आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के पाला बदलने से देश की सियासत में बड़ा उलटफेर हो गया है। राघव चड्ढा की अगुवाई में इन सांसदों ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था जिसे अब राज्यसभा सचिवालय ने आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इन सात बागियों के शामिल होने के बाद राज्यसभा में भाजपा की सदस्य संख्या बढ़कर 113 हो गई है जिससे सदन में सत्तापक्ष और भी मजबूत स्थिति में आ गया है। पंजाब की सत्ता में आम आदमी पार्टी को लाने वाले रणनीतिकार रहे संदीप पाठक का इस तरह साथ छोड़ना पार्टी के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
