रमेश गुप्ता भिलाई। शहर की शांत मानी जाने वाली STF कॉलोनी रविवार को उस वक्त दहल उठी, जब एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर हालत में ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने आरक्षक नितेश यादव के घर में घुसकर अचानक हमला किया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि आरोपी ने आरक्षक की पत्नी पर 10 से 12 बार चाकू से वार किए। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है

कि घर में मौजूद छोटे-छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। एक मासूम ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद कॉलोनी में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।प्राथमिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी महिला और आरक्षक के बीच कथित तौर पर अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जहां उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसी विवाद और रंजिश ने अगले ही दिन खूनी रूप ले लिया।इस दोहरे हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं

—क्या यह सिर्फ आपसी विवाद था या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश? पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।फिलहाल, आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की परतें खोलने की कोशिश की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

आरोपी महिला