Janjgir Champa Police : जांजगीर-चांपा। जिले के थाना बिर्रा क्षेत्रांतर्गत ग्राम करही में हुई गोलीकांड की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की शीघ्र पतासाजी और धरपकड़ के लिए ग्राम करही में एक विशेष पुलिस कैंप भी स्थापित किया जा रहा है।
इस पुलिस कैंप के माध्यम से पूरे क्षेत्र में निरंतर सघन पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ-साथ गांव में आने-जाने वाले तमाम मार्गों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।