रमेश गुप्ता दुर्ग । नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने अवैध रूप से हुक्का एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का भंडारण व विक्रय करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और ई-सिगरेट जब्त किए हैं।एडिशनल एसपी एवं पुलिस प्रवक्ता मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना मोहन नगर की टीम ने तत्काल छापामार कार्रवाई करते हुए

दुकान की तलाशी ली।तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरियों में रखे हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का नोजल, कोयला सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। मामले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश जैन (38 वर्ष) और शैलेश जैन (36 वर्ष), दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग के रूप में की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।जब्त सामग्री में शामिल:हुक्का फ्लेवर 55 पैकेट,इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट 40 नग,हुक्का नोजल 4 पैकेट,हुक्का कोल 4 पैकेट नगद 600 रुपए कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,02,100 रुपए बताई गई है।पुलिस के अनुसार आरोपी प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों और ई-सिगरेट की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।………………………………..पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।