कोलकाता,। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के घमासान के बीच देश के गृह मंत्री अमित शाह पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया के दौरान शाह अचानक कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। वहां बनाए गए अत्याधुनिक वॉर रूम में शाह ने मोर्चा संभाल लिया है जहां वे लगभग एक घंटे तक रुककर राज्य भर से आ रही जमीनी रिपोर्ट और मतदान के रुझानों का बारीकी से विश्लेषण करेंगे।
मतदान के रुझानों और फीडबैक पर मंथन
चुनावी रणनीतियों के माहिर माने जाने वाले अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब बंगाल में पहले चरण की वोटिंग जारी है। शाह वॉर रूम में मौजूद तकनीकी विशेषज्ञों और पार्टी पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर रहे हैं ताकि हर विधानसभा क्षेत्र से आने वाले फीडबैक को समझा जा सके। भारतीय जनता पार्टी के इस हाई-टेक कंट्रोल सेंटर से अमित शाह न केवल मतदान प्रतिशत की निगरानी कर रहे हैं बल्कि बूथ स्तर से मिल रही शिकायतों और चुनौतियों की भी समीक्षा कर रहे हैं।