कांकेर जिले के कुलगांव स्थित अजीबी एग्रो राइस मिल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के इस मिल में लगी आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते भारी मात्रा में रखा धान और बारदाना इसकी चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। मिल के मालिक मोहम्मद आवेश भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, लेकिन फिलहाल नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, मिल मालिक ने जताई भारी नुकसान की आशंका
मिल मालिक मोहम्मद आवेश के मुताबिक आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग ने इतनी तेजी पकड़ी कि मिल में रखे चावल और खाली बोरों को बचाने का मौका नहीं मिला। मौके से सामने आए वीडियो में आग का मंजर साफ देखा जा सकता है, जहां धान के ढेर धू-धू कर जल रहे हैं। दमकल कर्मी घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।