मध्य प्रदेश में रफ्तार का तांडव: झुग्गी में सो रहे मासूमों को टैंकर ने रौंदा, सड़क हादसों में बच्ची समेत दो की मौत

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और संस्कारधानी जबलपुर में बीती रात भीषण सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में देर रात करीब दो बजे एक अनियंत्रित सीएनजी टैंकर ने सड़क किनारे बनी झुग्गियों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में गहरी नींद में सो रहे एक मासूम बच्चे की टायर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन से चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर चालक की भारी लापरवाही के कारण वाहन तीन-चार घरों को तोड़ते हुए भीतर घुस गया था। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को इलाज के लिए रवाना किया।

हादसों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में जेल पहाड़ी पर दो दोस्तों के बीच हो रही बाइक रेसिंग के दौरान एक स्पोर्ट्स बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर भी एक दुखद घटना सामने आई। शहपुरा भिटोनी के पास एक तेज रफ्तार हैरियर कार ने बाइक सवार 34 वर्षीय संतोष राजपूत को जोरदार टक्कर मार दी। संतोष गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहा था तभी कार ने उसे इतनी जोर से मारा कि वह 50 फीट दूर जाकर गिरा और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे पर खुले डिवाइडरों को इन हादसों की मुख्य वजह बताते हुए सुरक्षा की मांग की है

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *