IndiGo Travel Advisory : नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम के बदले मिजाज ने हवाई यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शुक्रवार रात हुई तेज आंधी और बारिश के कारण दिल्ली आने वाली कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है। इस स्थिति को देखते हुए दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने अपने यात्रियों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है।
खराब विजिबिलिटी और तेज हवाओं के कारण AI 278, AI 2820, AA 292, 6E 6034 और AI 1819 जैसी प्रमुख उड़ानों को जम्मू-कश्मीर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए अपनी उड़ान की स्थिति (Flight Status) जरूर चेक कर लें।
इंडिगो ने क्या कहा? इंडिगो ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए कहा, “दिल्ली में खराब मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हम स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी टीमें एयरपोर्ट पर यात्रियों की सहायता कर रही हैं और मौसम ठीक होते ही परिचालन सामान्य हो जाएगा।”
दिल्ली-NCR के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार शाम को हुई बारिश के कारण कुछ ही घंटों के भीतर तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान घरों के भीतर रहने की सलाह दी है।